गोपालगंज(GOPALGANJ):गोपालगंज में गंडक नदी से बालू के अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी सख्ती दिखाई है.डीएम पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर अवैध घाटों पर छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आई.कार्रवाई के दौरान खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करा दिया गया.
कार्रवाई से जिले में हड़कंप
डीएम के आदेश पर जिला खनिज विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने जादोपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है.प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और अवैध खनन से जुड़े लोगों में भय का माहौल है.
फिलहाल बालू खनन का वैध टेंडर नहीं हुआ है
बताया जा रहा है कि गोपालगंज में गंडक नदी के किसी भी घाट के लिए फिलहाल बालू खनन का वैध टेंडर नहीं हुआ है.इसके बावजूद लंबे समय से अवैध तरीके से बालू उठाव जारी था.इस पर रोक लगाने के लिए डीएम ने एक दिन पहले ही उच्चस्तरीय बैठक कर सभी अधिकारियों को घाटों की सघन जांच के निर्देश दिए थे.डीएम ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.