जहानाबाद (JAHANABAD): जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र के बदलू बीघा गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के बधार (खेत) से एक युवक का शव रहस्यमय हालात में बरामद हुआ.तीन दिनों से लापता 30 वर्षीय अरुण कुमार की लाश मिलने के बाद पूरा इलाका दहशत और सवालों के साए में आ गया है.सुबह की शुरुआत सामान्य थी, लेकिन एक ग्रामीण की नजर जब खेत में पड़े शव पर पड़ी तो गांव में अफरा-तफरी मच गई.कुछ ही देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और भीड़ घटनास्थल की ओर उमड़ पड़ी.तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
सूचना मिलते ही परस बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया.इसके बाद सदर डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची.टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए, जो रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में अहम माने जा रहे है.मृतक अरुण कुमार पिछले तीन दिनों से अपने घर से लापता था. परिजनों ने पहले ही उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन अब उसका शव मिलने से पूरा मामला एक रहस्यमयी हत्या की ओर इशारा कर रहा है.
परिजनों ने गांव की कुछ लोगों पर लगाया आरोप
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए है. उनका कहना है कि कुछ दिन पहले अरुण का गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था, और उसी विवाद के बाद से ही वह लापता हो गया था। अब शव मिलने के बाद आशंका और गहरी हो गई है कि यह कोई साधारण मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है.पुलिस ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.घटनास्थल से मिले सबूत और पूछताछ के आधार पर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है—व्यक्तिगत रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को खंगाला जा रहा है.डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी ने कहा कि जांच तेज़ी से आगे बढ़ रही है और बहुत जल्द इस रहस्य से पर्दा उठ सकता है.