बाढ़(BARH):बिहार के बाढ़ जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है जहां भी सड़क पर ही ससुर दामाद पटका पटकी करने लगे.हालात यहां तक पहुंच गए कि पूरा इलाका रण भूमि में तब्दील हो गया.पूरा मामला भवानी चौक का है.जहां उस वक्त दहशत और अफरा-तफरी मच गई जब एक पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. ससुर और दामाद के बीच लंबे समय से चल रहा तनाव इस कदर बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई.देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया.मामले की शुरुआत पारिवारिक विवाद और दांपत्य जीवन में चल रही कड़वाहट से बताई जा रही है.
पढ़े क्या है पूरा मामला
लड़की पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उसके बाद से ही उसे लगातार ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था.पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी बेटी के साथ दुर्व्यवहार किया जाता रहा और जब वे इस मामले को सुलझाने पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया. इस झड़प में बाइक और ई-रिक्शा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.वहीं दामाद पक्ष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उल्टा ससुराल वालों पर ही गंभीर आरोप लगाए है उनका कहना है कि ससुर और साले जबरन मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया. दामाद पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि लड़की पक्ष द्वारा 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी और लगातार पारिवारिक दबाव बनाया जा रहा था, जिससे विवाद और गहराता गया.
इलाके में अफरा-तफरी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को शांत किया.हालांकि तब तक कई लोग घायल हो चुके थे और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया था.सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे है. शुरुआती जांच में मामला गंभीर पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है.