टीएनपी डेस्क(TNP DESK):शादी की पहली सालगिरह हर कपल के लिए बेहद खास होती है.लोग इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते है ताकि अपने रिश्ते के एक साल पूरे होने की खुशियां मना सकें लेकिन हर किसी की किस्मत एक जैसी नहीं होती. कुछ परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल जाती है.ऐसा ही एक दर्दनाक मामला बिहार के गोपालगंज जिले से सामने आया है, जहां शादी की पहली सालगिरह की तैयारियां चल रही थीं, केक काटने और पार्टी की योजना बनी थी, लेकिन उससे पहले ही 3 माह की गर्भवती महिला की अर्थी उठ गई.
हैरान कर देगी वजह
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला सिधवलिया थाना क्षेत्र का है.महिला की मौत के बाद शादी की खुशियां एक ही पल में मातम में बदल गई. परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए.वहीं मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है.परिवार का कहना है कि सोने की चेन और बुलेट बाइक की मांग को लेकर गुड़िया को लगातार परेशान किया जाता था। इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन समझौता होने के बाद गुड़िया को दोबारा ससुराल भेज दिया गया.इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई और आखिरकार उसकी मौत की खबर परिवार तक पहुंची.सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस दिन गुड़िया की शादी की पहली सालगिरह थी, उसी दिन उसके मायके वालों को उसकी मौत की सूचना मिली.
तीन महीने की गर्भवती थी महिला
परिजन जब ससुराल पहुंचे तो गुड़िया का शव बिस्तर पर पड़ा था.बताया जा रहा है कि वह तीन महीने की गर्भवती थी.मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है.हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.