वैशाली (VAISHAILI) : पुलिस का एक वीडियो सामने आया है जहां पुलिस दियारा इलाके में शराब को लेकर छापेमारी करने पहुंची थी.लेकिन इसी दौरान पुलिस की गाड़ी दियारा इलाके में फंस गई. इसके बाद पुलिस के जवान गाड़ी को धक्का मारते दिखे.वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.वैशाली पुलिस शराब कारोबार के विरुद्ध महनार थाना क्षेत्र के दियारे में छापेमारी करने पहुंची थीं तबतक अचानक दियारा में ही पुलिस का वज्र वाहन बालू कि रेत में फंस गया इसके बाद पुलिस के जवानों के द्वारा गाड़ी में धक्का दिया गया और तब जाकर गाड़ी बाहर निकल पाई.
शराब माफिया पर प्रहार
बताया गया कि शराब कारोबारी को पकड़ने के लिए पुलिस वज्र वाहन लेकर दियारे पहुंची थी. जिसे पुलिस कर्मियों के द्वारा धक्का देकर स्टार्ट किया गया. यह कार्रवाई वैशाली पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर की जा रही थी. शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार करने पहुंची थीं. विदित हो कि दियारा इलाके में बड़े पैमाने पर देसी शराब का उत्पादन किया जाता रहा है.
अवैध शराब भट्ठियों को किया ध्वस्त
कारोबारी बड़े-बड़े भट्ठी बनाकर शराब उत्पादन करते है. वैशाली में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी क्रम में महनार थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दियारा क्षेत्र में शराब माफिया अवैध रूप से बड़े पैमाने पर देसी शराब का निर्माण हो रहा हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया और मौके पर मौजूद करीब 1500 लीटर देसी शराब को नष्ट कर दिया. साथ ही शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया गया.
बताया गया है कि पुलिस की गाड़ी देखकर शराब कारोबारी मौके से फरार हो गए. वज्र वाहन का उपयोग दंगा नियंत्रण और आंसू गैस के गोले दागने के लिए किया जाता है. वैशाली पुलिस लगातार शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कर रही है और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है.