पटना (PATNA): बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती से ठीक पहले राजधानी पटना में शिक्षा को लेकर एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है. अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग की ओर से 13 अप्रैल को बापू सभागार में ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर समग्र शिक्षा समागम’ का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है.
इस संबंध में एससी-एसटी कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह आयोजन बाबा साहेब के शिक्षा संबंधी विचारों को आगे बढ़ाने और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल है. कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और राज्यभर के आंबेडकर छात्रावासों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे.
मंत्री ने इस दौरान शैक्षणिक उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि गायघाट स्थित अंबेडकर आवासीय विद्यालय की 123 छात्राओं ने इस वर्ष इंटर परीक्षा में हिस्सा लिया और सभी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुईं. इसे विभाग के लिए गर्व की बात बताया गया.
इसके अलावा, छात्रों के लिए एक और बड़ी घोषणा की गई है. नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना के तहत अब विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों को बिहार सरकार की ओर से भी आर्थिक सहायता दी जाएगी. इससे मेधावी छात्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पढ़ाई के अवसर और आसान होंगे. यह कार्यक्रम शिक्षा के माध्यम से सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.