जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टूइलाडुंगरी इलाके में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. साईं मोटर्स के सेल-परचेज परिसर में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना गुरुवार अहले सुबह की है. स्थानीय लोगों के अनुसार पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया. फिर कार धू-धू कर जलने लगी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए. दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. गोलमुरी पुलिस भी जांच के लिए मौके पर पहुंची.
कई और कार खड़ी थी
जिस कार में आग लगी, उस कार के पीछे कई और कारें खड़ी थी. जिसके कारण एक बड़ा हादसा होते- होते टल गया. आग की लपटें और कारों तक पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था. जिस सड़क किनारे कार में आग लगी, वह सड़क रेलवे स्टेशन की ओर जाता है. ऐसे में लोगों को डर था कि आग फैलने पर बड़ा नुकसान हो सकता था. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने लगे. जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी. गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि आग की वजह से कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
अवैध रूप से चलते है सेकेंड हैंड कार का शोरूम
जिस कार में आग लगी थी वह सेकेंड हैंड कार शोरूम में खड़ी थी. प्रशासन की मिली भगत से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क किनारे अवैध रूप सेकेंड हैंड कारों का शोरूम चलता है. यह शोरूम सड़क किनारे बनाया गया है. जहां लाइन से फोर सेल लिखी कई कारें खड़ी रहती है. रात भर करें सड़क किनारे की खड़ी मिलेंगी. सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण हादसे का डर भी बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि साईं मोटर्स परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे खड़े किए जाते हैं. वैसे, आग लगी के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जाता रही है.