टीएनपी डेस्क(TNP DESK):गुरुवार का दिन भगवान विष्णु और देवगुरु बृहस्पति को समर्पित माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन किए गए कुछ खास उपाय व्यक्ति के सोए हुए भाग्य को जगा सकते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का मार्ग खोलते हैं. यदि आपके काम बार-बार बिगड़ रहे हैं, आर्थिक परेशानियां पीछा नहीं छोड़ रही हैं या घर में अशांति बनी रहती है, तो गुरुवार के दिन कुछ आसान उपाय अपनाकर सकारात्मक बदलाव महसूस किए जा सकते है.
“ॐ बृं बृहस्पतये नमः” मंत्र का 108 बार जाप
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गुरुवार की सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और पीले रंग के साफ वस्त्र पहनें. इसके बाद भगवान विष्णु की पूजा करें और उन्हें पीले फूल, चने की दाल, हल्दी और केला अर्पित करें. पूजा के दौरान “ॐ बृं बृहस्पतये नमः” मंत्र का 108 बार जाप करना बेहद शुभ माना जाता है. ऐसा करने से बृहस्पति ग्रह मजबूत होता है और जीवन में तरक्की के रास्ते खुलते हैं.
जरूरतमंद लोगों को पीली वस्तुओं का दान
गुरुवार के दिन जरूरतमंद लोगों को पीली वस्तुओं का दान करना भी बहुत फलदायी माना गया है. आप चने की दाल, हल्दी, पीले कपड़े या केले का दान कर सकते हैं. मान्यता है कि इससे घर में धन-धान्य की कमी नहीं रहती और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.
केले के पेड़ की पूजा करना भी शुभ
इसके अलावा इस दिन केले के पेड़ की पूजा करना भी शुभ माना जाता है. केले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास माना गया है. शाम के समय घी का दीपक जलाकर पूजा करने से घर की नकारात्मकता दूर होती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.