रांची (RANCHI): नगर निगम चुनाव के दौरान मतदान दिवस पर सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है. आयोग ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. मंगलवार को यह नोटिस उपायुक्त कार्यालय को सौंप दिया गया.
नोटिस में मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा गया है कि 23 फरवरी को मतदान के दिन मतदाता सूची में त्रुटियां और बूथ गठन में गड़बड़ियों के कारण कई मतदाताओं को परेशानी उठानी पड़ी. आयोग ने इसे गंभीर मामला बताते हुए स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया में ऐसी खामियां स्वीकार्य नहीं हैं.
आयोग ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि चुनाव से जुड़े सभी लोक सेवकों की जिम्मेदारी है कि मतदान निष्पक्ष, सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो. मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग में किसी प्रकार की बाधा न आए, यह सुनिश्चित करना प्रशासन का दायित्व है.
इसी संदर्भ में आयोग ने निर्देश दिया है कि मतदाता सूची के निर्माण, वार्डवार सूची के विभाजन और मतदान केंद्रों के गठन में लगे कर्मचारियों एवं अधिकारियों की पहचान की जाए. संबंधित बीएलओ और अन्य कर्मियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा भी की जाए.
आयोग ने पूरे मामले की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. अब प्रशासन की ओर से जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं.
