धनबाद(DHANBAD): झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कुल 1लाख 60 हजार करोड़ का मंगलवार को बजट पेश किया। बजट में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ अलग-अलग विभागों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं. इसमें उद्योगों और सड़क निर्माण के लिए भी सरकार ने बड़े ऐलान किए हैं. मंईयां सम्मान योजना के लिए भी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. यह योजना साल2026-27 में भी लागू रहेगी।
इसके अलावा अबुआ आवास योजना के साथ पेंशन और किसानों के लिए भी कई घोषणाएं की गई हैं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ,धनबाद के अध्यक्ष प्रमोद गोयल ने कहा है कि झारखंड सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट गांव गरीब और शिक्षा के संदर्भ में संतुलित कहा जा सकता है ,लेकिन बजट में व्यापार और व्यवसाय जगत की उपेक्षा की गई है.
झारखंड प्रोफेशनल टैक्स(JPT) को खत्म करने की घोषणा की उम्मीद व्यापारी कर रहे थे ,लेकिन निराशा ही मिली। चैंबर ऑफ कॉमर्स JPT का विरोध हमेशा करता रहेगा। सरकार को बजट में व्यापार हित में कुछ सोचना चाहिए था ,धनबाद में एयरपोर्ट के लिए जमीन उपलब्ध करवाने की घोषणा करनी चाहिए थी. कुल मिलकर धनबाद की उपेक्षा की गई है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
