टीएनपी डेस्क(TNP DESK): देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है. रानी बाग इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 30 वर्षीय महिला के साथ चलती निजी स्लीपर बस के अंदर कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. जिसने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया, बल्कि पूरे शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है.
पीड़िता को किसी तरह बस में बैठाया गया और उसके बाद बस के अंदर ही दो आरोपियों ने उसके साथ गंभीर अपराध को अंजाम दिया. घटना के बाद आरोपी महिला को बस से उतारकर फरार होने की कोशिश में थे, लेकिन पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह उनके चंगुल से खुद को छुड़ाया और सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी.
शिकायत मिलते ही दिल्ली पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही उस निजी स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया गया, जिसमें यह घटना घटी थी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वारदात में केवल ये दो ही लोग शामिल थे या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क या अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी है.
पुलिस ने मामले की गहराई से जांच के लिए बस के रूट, संचालन और उसमें मौजूद अन्य यात्रियों की भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. जांच टीम यह समझने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय बस किन-किन स्थानों से गुज़री और पीड़िता को किस परिस्थिति में बस में बैठाया गया.
इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की गतिविधियों की पूरी टाइमलाइन तैयार की जा सके. फॉरेंसिक टीम ने बस की जांच कर कई अहम सबूत भी इकट्ठा किए हैं, जो केस को मजबूत बनाने में मदद करेंगे.
इस घटना के बाद एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. देर रात सार्वजनिक और निजी परिवहन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. लोग प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए मजबूत केस तैयार किया जा रहा है.