टीएनपी डेस्क (TNP DESK):उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पलट गई. इस हादसे में दरोगा और कैदी समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों समेत करीब 15 यात्री घायल हो गए है.
तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी तक नहीं
मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) की पहचान हुई है. तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. जानकारी के अनुसार, सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी.इस दौरान यह दर्दनक हादसा हो
गया.
बस में करीब 30 यात्री सवार थे
बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 यात्री सवार थे. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ.वही प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया. इसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई और रेलिंग पर लटक गई, जिससे कई यात्री खिड़कियों से एक्सप्रेस-वे के नीचे गिर पड़े.
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार
यह हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.