ये कैसी दबंगई! चोरी के शक में पूर्व मुखिया ने युवक की जमकर की पिटाई, वीडियो वायरल


TNP DESK- नवगछिया थाना में क्षेत्र के तेतरी गांव में एक युवक की लाठी-डंडे से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग एक युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति घटना का वीडियो बनाता हुआ दिखाई दे रहा है. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में तेतरी गांव के पूर्व मुखिया गोपाल सिंह सहित तीन अन्य लोगों द्वारा युवक की पिटाई किए जाने की बात सामने आ रही है. चर्चा है कि घटना पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद से जुड़ी है. वीडियो में पिटाई के बाद युवक किसी को फोन कर पैसे की मांग करता भी दिखाई दे रहा है.
पूर्व मुखिया ने आरोपों को किया खारिज
पूर्व मुखिया गोपाल सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित युवक ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करते पकड़ा गया था. उन्होंने बताया कि युवक ने मकई और गेहूं की बोरियां उतार ली थीं, साथ ही आसपास के लोगों की टोटो गाड़ी का चार्जर और बैलगाड़ी का एक्सल चोरी कर कबाड़ी में बेच दिया था.
उनका कहना है कि युवक को रंगेहाथ पकड़े जाने के बाद कुछ लाठी मारी गई.युवक की पहचान राहुल राय (पिता- राजेश राय), निवासी तेतरी गांव के रूप में हुई है.
वही नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि उन्हें एक वीडियो प्राप्त हुआ है, जिसमें युवक की लाठी से पिटाई होते हुए दिख रही है. वीडियो की सत्यता की जांच के लिए टेक्निकल टीम और नवगछिया थाना को जांच के निर्देश दिए गए हैं..पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है.
कानून हाथ में लेने पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में यह सवाल उठ रहा है कि यदि जनप्रतिनिधि स्तर के लोग स्वयं कानून हाथ में लेंगे, तो आम लोगों को कानून का पालन करने की सीख कौन देगा.
4+