शहर की सरकार : राजधानी से उपराजधानी तक झामुमो के लिए बना जी का जंजाल

    शहर की सरकार : राजधानी से उपराजधानी तक झामुमो के लिए बना जी का जंजाल

    DUMKA: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया जारी है. भले ही यह चुनाव औपचारिक रूप से दलीय आधार पर नहीं हो रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि भाजपा और झामुमो दोनों के लिए यह चुनाव बड़ी राजनीतिक चुनौती बन गया है.

    भाजपा के समर्थन के बाद शुरू हुई बगावत

    भाजपा द्वारा मेयर और अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया. धनबाद के शेखर अग्रवाल का भाजपा छोड़कर झामुमो में शामिल होना इसका ताजा उदाहरण है. इसके बाद झामुमो ने नीलम मिश्रा से समर्थन वापस लेते हुए शेखर अग्रवाल को समर्थन दे दिया. 

    झामुमो की असमंजस भरी स्थिति

    नगर निकाय चुनाव झामुमो के लिए ‘जी का जंजाल’ बनता नजर आ रहा है. जहां भाजपा ने समर्थन की सूची स्पष्ट कर दी, वहीं झामुमो एक समान रुख अपनाने में असफल दिखी.

    देवघर में लेटर पैड से समर्थन की घोषणा तो दुमका में किसी को भी समर्थन नहीं देने की जानकारी

    देवघर में झामुमो जिलाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा ने अपने लेटर पैड पर जारी पत्र में रवि कुमार राउत को पार्टी का समर्थन देने की घोषणा की. वहीं दुमका में झामुमो जिलाध्यक्ष शिव कुमार बास्की ने 8 फरवरी को लेटर पैड पर प्रेस रिलीज जारी कर स्पष्ट किया कि झामुमो ने जिला के किसी भी क्षेत्र से अध्यक्ष या वार्ड पार्षद पद के लिए न तो किसी प्रत्याशी को उतारा है और न ही किसी को समर्थन देने का निर्णय लिया है.

    सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने का आरोप

    प्रेस रिलीज में कहा गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ प्रत्याशी या उनके समर्थक आम जनता को गुमराह कर रहे हैं. साथ ही मतदाताओं से अपने विवेक से मतदान करने की अपील की गई है.

    नगर निकाय चुनाव में झामुमो के तीन चेहरे

    पूरे परिदृश्य को देखें तो झामुमो के तीन अलग अलग चेहरे सामने आए हैं. कहीं समर्थन वापस लेकर नए प्रत्याशी को समर्थन, कहीं लेटर पैड के जरिए समर्थन की घोषणा और कहीं किसी को भी समर्थन न देने का ऐलान .

    दुमका में झामुमो से जुड़े प्रत्याशियों की सक्रियता

    दुमका में झामुमो से जुड़े कई लोग चुनावी मैदान में हैं. निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष श्वेता झा के पति अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.

    सीएम से नजदीकी और वायरल वीडियो

    अजय झा के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से करीबी संबंध माने जाते हैं. 3 फरवरी से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अजय झा को आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं. सीएम यह भी कह रहे है "कंधा ही तुम्हारा इतना ऊंचा है कि हाथ नहीं पहुंचता" .

    चुनाव से पहले दिए गए संकेत

    चुनाव की घोषणा से पहले The News Post से बातचीत में अजय झा ने झामुमो समर्थन के सवाल पर कहा था कि वे मुख्यमंत्री का सम्मान करते हैं और उनसे आशीर्वाद लेने जरूर जाएंगे.

    झारखंड दिवस के बाद हुई सीएम से मुलाकात

    2 फरवरी को झारखंड दिवस कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका आए थे.इसके बाद 3 फरवरी को अजय झा उनसे खिजुरिया स्थित आवास पर मिले, जहां का वीडियो वायरल हुआ.

    नामांकन के दिन दिया गया बयान

    नामांकन के दिन मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर कि क्या पिछले चुनाव की तरह इस बार भी झामुमो समर्थन देगा, अजय झा ने कहा था “देगा ही, देना ही चाहिए, हम उनको छोड़े कब हैं. वो मेरे थे, हैं और रहेंगे.”

    प्रेस रिलीज से बढ़ी सियासी चर्चा

    ऐसे में झामुमो जिलाध्यक्ष द्वारा किसी भी प्रत्याशी को समर्थन न देने की प्रेस रिलीज ने राजनीतिक हलकों में चर्चा को और तेज कर दिया है. सवाल उठता है कि क्या संगठन में सब कुछ ठीक है?


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news