18वां बर्थडे नहीं हुआ धूमधाम से सेलिब्रेट, तो नाराज़गी में घर छोड़कर निकली 18 वर्षीय युवती, फिर हुआ कुछ ऐसा....

    18वां बर्थडे नहीं हुआ धूमधाम से सेलिब्रेट, तो नाराज़गी में घर छोड़कर निकली 18 वर्षीय युवती, फिर हुआ कुछ ऐसा....

    बोकारो (BOKARO): स्टील सिटी बोकारो में महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्कता बरत रही है. इसी बीच एक 18 वर्षीय युवती की गुमशुदगी की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. हालांकि, त्वरित कार्रवाई और जांच के बाद मामला सामने आते ही पुलिस ने राहत की सांस ली.

    जानकारी के अनुसार, सेक्टर-12 थाना क्षेत्र निवासी गणेश चंद्र भट्टाचार्य ने अपनी 18 वर्षीय बेटी के अचानक लापता होने को लेकर थाने में सनहा दर्ज कराया था. परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और युवती की तलाश शुरू कर दी गई. संभावित सभी स्थानों और संपर्कों को खंगाला गया.

    कुछ ही समय के भीतर पुलिस टीम ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया. मामले की पुष्टि करते हुए सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि युवती पूरी तरह सुरक्षित है. पूछताछ में युवती ने बताया कि 6 फरवरी को उसका 18वां जन्मदिन था. उसे उम्मीद थी कि परिवार इस खास दिन को धूमधाम से मनाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होने पर वह नाराज़ हो गई. इसी भावनात्मक स्थिति में 7 फरवरी को वह बैग लेकर घर से निकल गई.

    घर छोड़ने के बाद युवती इधर-उधर भटकती रही और अंत में अपने एक शिक्षक के पास पहुंची. शिक्षक ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने युवती को अपने संरक्षण में लिया.

    सिटी डीएसपी ने बताया कि यह घटना किशोरावस्था में लिया गया एक भावनात्मक और जल्दबाजी भरा फैसला थी. युवती को समझाइश देकर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में संवाद और संवेदनशीलता बेहद जरूरी है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news