नक्सल नेटवर्क पर लातेहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जेजेएमपी का सक्रिय नक्सली सदस्य गिरफ्तार


लातेहार (LATEHAR): लातेहार पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है. प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी (JJMP) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार नक्सली की पहचान मनाजूल अंसारी उर्फ छोटू अंसारी के रूप में हुई है, जो लोहरदगा जिले के मक्का जोबांग का रहने वाला बताया जा रहा है.
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि मनाजूल अंसारी अपनी ससुराल नावागढ़ इलाके में छिपकर रह रहा है. सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर नावागढ़ से मनाजूल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ लातेहार थाना और टंडवा थाना में दो अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह लातेहार थाना के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था.
पुलिस ने बताया कि मनाजूल अंसारी की गिरफ्तारी के लिए पहले भी कई बार छापेमारी की गई थी, लेकिन हर बार वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था. इस बार गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस को सफलता मिली है.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नक्सली नेटवर्क व गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि आगे भी नक्सल विरोधी अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
4+