बजट 2026–27 बना आत्मनिर्भर भारत की नींव, झारखंड को मिलेगा रिकॉर्ड विकास और निवेश का लाभ: राजीव प्रताप रूढ़ी


रांची (RANCHI): भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी ने केंद्रीय बजट 2026–27 को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती देने वाला बताया है. शनिवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट निर्णय, सुधार और जनकल्याण की स्पष्ट सोच के साथ पेश किया गया है, जो झारखंड को विकास की नई गति देगा.
राजीव प्रताप रूढ़ी ने कहा कि बजट 2026–27 में झारखंड को कर हस्तांतरण और अनुदान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है. वित्त वर्ष 2026–27 में राज्य को ₹51,236 करोड़ का कर हस्तांतरण प्रस्तावित है, जबकि वर्ष 2014 से अब तक झारखंड को कुल ₹3.14 लाख करोड़ से अधिक की राशि कर हस्तांतरण के रूप में मिल चुकी है. इसके अलावा अनुदान मद में 2014 से 2026 के बीच ₹1.04 लाख करोड़ दिए गए हैं, जो सहकारी संघवाद की मजबूत मिसाल है.
उन्होंने बताया कि 50 वर्षों की ब्याज मुक्त विशेष पूंजीगत सहायता योजना के तहत झारखंड को 2020–21 से जनवरी 2026 तक ₹11,567 करोड़ की सहायता मिली है, जिससे सड़क, सिंचाई, शहरी विकास और औद्योगिक परियोजनाओं को गति मिली है.
रेलवे क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड अब 100 प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण वाला राज्य बन चुका है. रेलवे बजट आवंटन 2009–14 के औसत ₹457 करोड़ से बढ़कर 2024–25 में ₹7,302 करोड़ हो गया है. राज्य में 57 रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है और रांची–पटना, रांची–वाराणसी सहित 7 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है.
सांसद रूढ़ी ने कहा कि देवघर एम्स, नए मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन योजना जैसी पहलों से जनजातीय और पिछड़े क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है. साथ ही नए हवाई अड्डों, राष्ट्रीय राजमार्गों और औद्योगिक निवेश से राज्य की आर्थिक तस्वीर तेजी से बदल रही है.
उन्होंने कहा कि बजट 2026–27 झारखंड को केवल संसाधन नहीं, बल्कि अवसर और दीर्घकालिक विकास की दिशा प्रदान करता है, जिससे राज्य विकसित भारत की यात्रा में अहम भागीदार बनेगा.
प्रेस वार्ता में भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक जेपी शर्मा और सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक भी मौजूद थे.
4+