एकलव्य आवासीय विद्यालयों में नामांकन शुरू, बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा का सुनहरा अवसर


रांची (RANCHI): झारखंड में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-6 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. संथाल परगना प्रमंडल के अंतर्गत संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. नामांकन प्रक्रिया का आयोजन झारखंड आश्रम एवं एकलव्य विद्यालय शिक्षा समिति (JAEVES) द्वारा किया जाएगा.
कक्षा-6 में प्रवेश चयन परीक्षा के माध्यम से होगा, जो राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की जाएगी. परीक्षा संचालन और अन्य आवश्यक कार्यवाहियों की जिम्मेदारी प्रमंडलीय उप निदेशक, कल्याण द्वारा निभाई जाएगी. चयनित छात्रों को सरकार की ओर से आवास, भोजन, पठन-पाठन सामग्री, चिकित्सा सुविधा समेत सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी.
संथाल परगना में सीटों का विवरण
संथाल परगना प्रमंडल के अंतर्गत कुल 8 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में कक्षा-6 में नामांकन होगा. प्रत्येक विद्यालय में 50 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जिसमें लड़के और लड़कियों की संख्या बराबर होगी.
दुमका जिला
काठीलेरिखा: 30 लड़के, 30 लड़कियां
फिटकोरिया: 30 लड़के, 30 लड़कियां
मसलिया: 30 लड़के, 30 लड़कियां
पाकुड़ जिला
कुमारभाजा: 30 लड़के, 30 लड़कियां
पाकुड़िया: 30 लड़के, 30 लड़कियां
गोड्डा जिला
सुंदरपहाड़ी: 30 लड़के, 30 लड़कियां
जामताड़ा जिला
फतेहपुर: 30 लड़के, 30 लड़कियां
साहिबगंज जिला
भोगनाडीह: 30 लड़के, 30 लड़कियां
पात्रता शर्तें
आवेदक झारखंड राज्य का स्थानीय निवासी होना चाहिए. केवल कक्षा-5 में अध्ययनरत छात्र आवेदन कर सकते हैं. घर पर पढ़ाई कर रहे छात्र भी माता-पिता द्वारा दिए गए घोषणा पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं. आयु सीमा 31 मार्च 2026 को न्यूनतम 10 वर्ष और अधिकतम 13 वर्ष निर्धारित की गई है. दिव्यांग छात्रों को अधिकतम आयु सीमा में 2 वर्ष की छूट दी जाएगी.
आरक्षण व्यवस्था
प्रत्येक विद्यालय में 60 सीटों पर आरक्षण इस प्रकार लागू होगा:
अनुसूचित जनजाति (ST): 80 प्रतिशत
PVTG: 8 प्रतिशत
DNT/NT/SNT: 5 प्रतिशत
LWE प्रभावित या विधवा माता-पिता के बच्चे: 3 प्रतिशत
प्रवेश परीक्षा का विवरण
परीक्षा तिथि: 8 मार्च 2026 (रविवार)
समय: सुबह 11.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक
परीक्षा अवधि: 2 घंटे
विषय: मानसिक क्षमता, अंकगणित और भाषा (हिंदी या अंग्रेजी)
कुल प्रश्न: 100, OMR शीट के माध्यम से
पंजीयन प्रक्रिया
पंजीयन प्रपत्र जिला कल्याण कार्यालय, समेकित जनजातीय विकास कार्यालय और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है. पंजीयन के बाद जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे. चयनित छात्रों के लिए काउंसलिंग और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया भी आयोजित की जाएगी.
4+