Bihar News : सुल्तानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल को मिली रफ्तार, 18 माह में बनकर हो जायेगा तैयार

    Bihar News : सुल्तानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल को मिली रफ्तार, 18 माह में  बनकर हो जायेगा तैयार

    पटना (PATNA): सुल्तानगंज–अगुवानी घाट गंगा पुल परियोजना की प्रगति को लेकर पथ निर्माण विभाग ने सख्ती दिखाई है. विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परियोजना की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभाग के वरीय पदाधिकारी, परियोजना से जुड़े अधिकारी और अन्य संबंधित लोग शामिल हुए.

    यह परियोजना भागलपुर और खगड़िया जिलों को जोड़ने वाली गंगा नदी पर प्रस्तावित एक महत्वपूर्ण 4-लेन केबल-स्टे पुल (फुटपाथ सहित) है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद है.

    निर्माण प्रगति की स्थिति
    समीक्षा के दौरान सचिव को बताया गया कि IIT रुड़की द्वारा फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर से जुड़े डिज़ाइन को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है. P9 से P13 के बीच वेल कैप निर्माण के लिए पुराने P10 वेल कैप की कटिंग का कार्य जारी है, जबकि P11 और P12 के पुराने वेल कैप की कटिंग की तैयारी की जा रही है. वहीं, स्पैन P6 से P9 के बीच शेष कार्य को लेकर संवेदक के प्रस्ताव की समीक्षा प्राधिकरण अभियंता द्वारा की जा रही है.

    18 माह में पूरा करने का निर्देश
    सचिव पंकज कुमार पाल ने साफ शब्दों में निर्देश दिया कि पूरे पुल का निर्माण कार्य 18 माह की निर्धारित अवधि में हर हाल में पूरा किया जाए. उन्होंने संवेदक से तत्काल वर्क प्रोग्राम और माइलस्टोन उपलब्ध कराने को कहा और साप्ताहिक आधार पर प्रगति की समीक्षा अनिवार्य करने का निर्देश दिया.

    पहुँच पथ पर भी तेज़ी
    परियोजना से जुड़े पहुँच पथ की कुल लंबाई 20.3 किलोमीटर है, जिसे मई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि ROB पसराहा को छोड़कर शेष सभी स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है.

    गुणवत्ता से समझौता नहीं
    समीक्षा के अंत में सचिव ने संवेदक को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के लिए संसाधनों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए और निर्माण की रफ्तार बढ़ाई जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news